ईश्वर का अनुपम वरदान

इस धरा पर ईश्वर का अनुपम वरदान मेरी माँ
ममता भरी शीतल छाँव का आसमान मेरी माँ
पक्की सिंधियाणी, सिंधियत की शान मेरी माँ
लोक गीतों, संस्कारों की एक पहचान मेरी माँ

थी अनपढ़ मगर सबसे गुणी ज्ञानवान मेरी मां
सिंधी लिखने-बोलने का अद्भुत ज्ञान मेरी मां
पावन सिंधु की सौम्य मधुर मुस्कान मेरी माँ
भगवंती नवानी के गीतों की तान मेरी मां

₹120 पगार में भी घर की वो मुस्कान मेरी मां
त्याग तपस्या संतोष का जीवंत पुराण मेरी माँ
पापा संग साये की तरह हरदम रही मेरी मां
त्याग, समर्पण और प्रेम का प्रतिमान मेरी माँ

जब भी जीवन की राहों में थककर रुकता हूँ,
मीठी लोरी बन देती मुझे नया विहान मेरी माँ
आशीषों और दुआओँ का मधुर गान मेरी माँ
सरस्वती के वरदहस्त का मानो प्रमाण मेरी माँ

मेरी कविता के अल्फ़ाज़ों की धड़कन मेरी मां
मेरे अस्तित्व की सुंदर पहचान विधान मेरी माँ
जीवन के संघर्षों में स्नेहिल वरदान मेरी माँ
मुझ निर्जीव देह में है धड़कता जहान मेरी माँ

डॉ लाल थदानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!